बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से डीजे संचालक अर्जुन मौर्य हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारादरी थाना पुलिस ने अर्जुन की गोली मारकर हत्या करने के एक और मुख्य आरोपी संजय नगर निवासी कुश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कुश ने ही अर्जुन की एक महिला रिश्तेदार के साथ छेड़खानी की थी, जिसका विरोध करने पर अर्जुन ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था। इसी थप्पड़ का बदला लेने के लिए कुश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जुन की निर्मम हत्या कर दी थी।

जाने क्या था पूरा मामला

पूरी वारदात 15 जून की रात की है, जब गौसाई गौटिया के रहने वाले डीजे संचालक अर्जुन मौर्य को रास्ते में घेरकर अर्पित उर्फ पहाड़ी, हिस्ट्रीशीटर लकी लभेड़ा के भाई कपिल और कुश ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इससे पहले 18 जून को पुलिस ने मुख्य शूटर अर्पित उर्फ पहाड़ी को एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

आरोपी कुश को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया

बारादरी थाना प्रभारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी कुश को डीडीपुरम पार्क के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में कुश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 15 जून को एक बेकरी के पास छेड़खानी का विरोध करते हुए अर्जुन ने उसे सरेराह थप्पड़ मार दिया था। इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने अपने साथी अर्पित और कपिल को बुलाया। इसके बाद तीनों ने मिलकर अर्जुन को गौसाई गौटिया स्थित मंदिर के पास घेरा और अर्पित ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी कुश को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और तीसरे आरोपी कपिल की तलाश जारी है।

Varanasi | बीच गंगा में कर रहे थे योग | अचानक खराब हुई नाव, कई लोग फंसे

शेयर करना
Exit mobile version