कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले से पुलिस की दबंगई और अमर्यादित व्यवहार का एक बेहद निंदनीय मामला सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में आग लगने की सूचना पर कवरेज करने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार के साथ क्षेत्राधिकारी (CO) सदर संजय कुमार सिंह द्वारा बेहद अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद से स्थानीय पत्रकारों और मीडिया संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
‘मेरा ऑफिस है, तुम नहीं आ सकते’
मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार रामगोविंद दीक्षित एसपी ऑफिस में लगी आग की खबर को कवर करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। तभी वहां मौजूद सीओ सदर संजय कुमार सिंह ने पत्रकार को देखते ही अपना आपा खो दिया और तीखे लहजे में कहा, “यह मेरा ऑफिस है, तुम यहां नहीं आ सकते।”
सीओ के बिगड़े बोल, कार्रवाई की मांग
हद तो तब हो गई जब पुलिस अधिकारी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए पत्रकार को सीधे तौर पर धमकी भरे अंदाज में कहा, “तुम उंगली करते हो हम बांस कर देंगे।” पुलिस अधिकारी द्वारा सरकारी कार्यालय को अपनी निजी जागीर समझने और मीडिया कर्मी के साथ इस तरह के गुंडागर्दी वाले व्यवहार की चारों तरफ कड़ी निंदा हो रही है। जिले के तमाम पत्रकारों ने एकजुट होकर सीओ संजय कुमार सिंह के खिलाफ तत्काल सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।












