सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बच्चे सहित तीन बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रामपुर गाँव (थाना खरखौदा) के रहने वाले थे और हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए प्लेटिना बाइक से निकले थे। बाइक चला रहे संदीप पुत्र रामकिशन की पहचान हो गई है, जबकि बाकी दोनों मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
बैग ट्रक से टकराया, संतुलन बिगड़ा और गिरी बाइक
हादसा सुबह करीब नौ बजे हाईवे पर स्थित गाँव सिसौना के पास हुआ। बाइक सवार आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी बाइक के पीछे बँधा बैग ट्रक की बॉडी से टकरा गया। इससे बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सीधे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा गिरी। ट्रक का भारी पहिया तीनों के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
चालक ट्रक छोड़कर फरार, जाम की स्थिति बनी
हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसके चलते हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक संदीप की पहचान उसकी जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर हुई। एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक, एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी और सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।













