वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज में एक भव्य समारोह में नए अस्थायी एयर फोर्स वन का उद्घाटन किया। यह बेहद आलीशान विमान कतर सरकार की ओर से अमेरिका को उपहार में दिया गया है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर यानी लगभग 37 अरब रुपये आंकी गई है।
विमान की क्या हैं खासियतें?
VC-25B नाम से पहचाने जाने वाले इस विमान को लाल, सफेद, गहरे नीले और सुनहरे रंग की विशेष डिजाइन से तैयार किया गया है। इसे फिलहाल दुनिया के सबसे शानदार और आधुनिक विमानों में से एक माना जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के अमीर का आभार जताते हुए कहा, वह शानदार इंसान हैं। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में काफी कुछ झेला है। ट्रंप ने आगे कहा, यह दुनिया का सबसे लग्जरी विमान माना जाता है। जब इसे बनाया गया था, तब इसे ऐसे स्तर पर तैयार किया गया था जिसे शायद दोबारा कभी नहीं देखा जाएगा।
400 मिलियन डॉलर का गिफ्ट और विवाद
इस विमान को लेकर अमेरिका में विवाद भी खड़ा हो गया है। आलोचकों का कहना है कि अमेरिकी संघीय नियमों के तहत किसी भी एक स्रोत से 50 डॉलर से अधिक मूल्य का उपहार स्वीकार नहीं किया जा सकता, जबकि इस विमान की कीमत 400 मिलियन डॉलर है। लेकिन ट्रंप ने इन आलोचनाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इतने बड़े ऑफर को ठुकराना “बेवकूफी” होती। अमेरिकी रक्षा विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि यह विमान सभी संघीय नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्वीकार किया गया है। हालांकि, इस विमान को राष्ट्रपति के इस्तेमाल के पूरी तरह योग्य बनाने के लिए करीब 1 अरब डॉलर के अतिरिक्त खर्च का अनुमान लगाया गया है।
कब तक करेगा सेवा?
यह विमान तब तक अस्थायी एयर फोर्स वन के रूप में काम करेगा, जब तक बोइंग कंपनी द्वारा विशेष रूप से राष्ट्रपति के लिए तैयार किए जा रहे दो नए विमान 2027 और 2028 में डिलीवर नहीं हो जाते। इन दोनों नए विमानों की कुल लागत बढ़कर 5 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है।
पुराना बेड़ा क्यों हटाया जा रहा है?
ट्रंप का कहना है कि अमेरिका को दुनिया के बाकी नेताओं के मुकाबले कहीं अधिक आधुनिक विमान की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा, दूसरे देशों के पास हमसे कहीं ज्यादा नए और बेहतर विमान हैं। यह स्थिति थोड़ी हास्यास्पद थी। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति का मौजूदा विमान बेड़ा 1990 से सेवा में है, जिसे पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में शामिल किया गया था। हाल ही में तकनीकी खराबी के चलते इनमें से एक विमान को उड़ान के बीच में ही वापस लौटना पड़ा था।













