उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते बेखौफ बदमाशों ने एक युवक के सीने में गोली दाग दी। यह पूरी घटना सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त करंजाकला बाजार की है, जहां दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी और भगदड़ मच गई। घायल युवक की पहचान विपिन यादव उर्फ मखांछु के रूप में हुई है, जो कुछ ही महीने पहले जेल से छूटकर बाहर आया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने विपिन यादव को घेर लिया और उस पर करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली विपिन के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। दिनदहाड़े बाजार के बीचों-बीच हुई इस घटना से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल विपिन को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावरों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

UP Politics : आकाश के OUT होते ही भाई Ishan हुए एक्टिव,मायावती के इस कदम के पीछे क्या है प्लान ?

शेयर करना
Exit mobile version