मनोरंजन डेस्क: भारतीय सिनेमा में ‘KGF’, ‘सालार’ और ‘कांतारा’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले होम्बले फिल्म्स ने एक बार फिर धमाका कर दिया है। ‘महावतार नरसिम्हा’ की अपार सफलता के बाद, मेकर्स ने अपने सात-भागों वाले महत्वाकांक्षी ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ की दूसरी किस्त ‘महावतार परशुराम’ का भव्य पोस्टर रिलीज कर दिया है। भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित इस ग्रैंड यूनिवर्स को होम्बले फिल्म्स और कलीम प्रोडक्शन मिलकर तैयार कर रहे हैं।
दिखेगी भगवान विष्णु के छठे अवतार की भव्य कहानी
फिल्म की पहली झलक साझा करते हुए मेकर्स ने एक बेहद रोमांचक पोस्टर जारी किया है, जो एक विजुअल स्पेक्टेकल (दृश्य वैभव) होने का वादा करता है। फिल्म की टैगलाइन… “जहाँ धैर्य समाप्त होता है, वहाँ परशुराम का फरसा शुरू होता है!” ….ने सोशल मीडिया पर पहले ही हलचल पैदा कर दी है।

यह फिल्म भगवान विष्णु के छठे अवतार, परशुराम की उस गाथा को पर्दे पर लाएगी, जिसमें उन्होंने धर्म का मार्ग छोड़ चुके अहंकारी और भ्रष्ट राजाओं के अत्याचार का अंत किया था।
सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सिनेमा का संगम
फिल्म के निर्देशन की कमान अश्विन कुमार के हाथों में है। प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए प्रोड्यूसर विजय किरागांदुर ने कहा, हमारा लक्ष्य दर्शकों को अपनी जड़ों की शक्ति से जोड़ना है। ‘महावतार परशुराम’ विरासत, शक्ति और उद्देश्य की एक ऐसी कहानी है जिसे आज की पीढ़ी के अनुरूप भव्य फॉर्मेट में पेश किया जा रहा है।
सिनेमा हॉल बने थे ‘मंदिर’, अब अगले अध्याय की बारी
इस सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ के दौरान देश भर में एक अलग ही सांस्कृतिक माहौल देखा गया था। सिनेमाघरों के बाहर लोगों द्वारा जूते उतारकर प्रार्थना और भजन करने की तस्वीरों ने इसे भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक फिल्म प्रोजेक्ट बना दिया था। अब ‘महावतार परशुराम’ के साथ यह सफर एक नए स्तर पर जाने वाला है। यह फिल्म ‘रामायण’ और ‘कल्कि 2898 AD’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की श्रेणी में मजबूती से खड़ी दिख रही है।














