जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां अचानक तेज धमाका हुआ है जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को गुलमर्ग पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास सुमली वाली ढोक में आशा पोस्ट के पास एक रहस्यमयी धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भयानक हादसा शनिवार दोपहर गुलमर्ग के पास ‘सुमली वाली ढोक’ इलाके में मौजूद ‘आशा पोस्ट’ के पास हुआ। ज़मीन पर एक पुराना बिना फटा गोला पड़ा था, जो अचानक किसी वजह से एक्टिव हो गया और ज़ोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना ज़ोरदार था कि आस-पास मौजूद लोगों को खुद को बचाने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान बारामूला ज़िले के चंदूसा इलाके के ग़ालिबल के रहने वाले जाबिर अहमद बजाड़ के तौर पर हुई है। जाबिर के पिता का नाम मोहम्मद रफ़ीक बजाड़ है। इस अचानक हुए हादसे के बाद जाबिर के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोकल पुलिस और दूसरी सिक्योरिटी एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सिक्योरिटी फोर्स ने पूरे इलाके को घेर लिया है और यह पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी है कि गोला कितना पुराना था और किस वजह से फटा। आगे के इलाकों में, ऐसे बिना फटे गोले अक्सर चरवाहों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं।



