छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आईं रिया अहीर के ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री करने की खबरें सामने आ रही हैं। पेशे से मॉडल रिया ने कुछ म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है। अब उन्होंने रियलिटी शो में जाने को लेकर अपनी सोच साझा की है।
रिया का मानना है कि ‘बिग बॉस’ के घर में जाने के बाद लोगों को उन्हें करीब से जानने और यह समझने का मौका मिलेगा कि वह असल में किस तरह की इंसान हैं।
‘लोगों को खुद फैसला करने का मौका मिलेगा’
रिया अहीर ने बताया कि ‘बिग बॉस’ की खबर सामने आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया। कुछ लोगों ने कहा कि उन पर फेम का असर हो गया है और इसी वजह से उन्होंने वोटिंग का सहारा लिया।
रिया ने बताया कि शुरुआत में उनके मन में भी सवाल था कि उन्हें ‘बिग बॉस’ में क्यों जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने अपने पिता से बात की। पिता की कही बात ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
रिया के मुताबिक, उनके पिता ने कहा कि किसी परिस्थिति पर वह किस तरह प्रतिक्रिया देती हैं, यह पूरी तरह उन पर निर्भर है। इसके बाद उन्हें लगा कि ‘बिग बॉस’ लोगों को उन्हें उनकी असली शख्सियत के तौर पर देखने का मौका दे सकता है।
वायरल वीडियो से रातों-रात मिली पहचान
रिया अहीर NEET पेपर लीक और एग्जाम सिस्टम के खिलाफ हुए छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस की वैन के सामने अकेले खड़े होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
इस वायरल वीडियो को लेकर रिया ने कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि लोगों की तरफ से इतना प्यार मिलेगा। उनके मुताबिक, उस समय उनका एक्शन पूरी तरह नेचुरल और नॉर्मल था और आज भी उस वीडियो को देखने पर उन्हें वही महसूस होता है।
6 साल से कर रही हैं मॉडलिंग
रिया अहीर ने कहा कि वह सिर्फ वायरल वीडियो की वजह से ‘बिग बॉस’ में नहीं जा रही हैं, बल्कि लोगों से मिले प्यार और समर्थन की वजह से इस मौके को देख रही हैं।
उन्होंने बताया कि वह 13 साल से थिएटर और 6 साल से मॉडलिंग कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें खास तौर पर तब पसंद किया जब वह रिया के रूप में सामने आईं।















