रायपुर: छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर की एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया।

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र WhatsApp पर शेयर किए जाने की शिकायत मिली थी। शुरुआत में परीक्षा निर्धारित समय पर जारी रही, लेकिन लगातार शिकायतें आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की समीक्षा की और दोपहर बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

बता दे कि इस परीक्षा में प्रदेश के 27 कृषि महाविद्यालयों के करीब 1200 छात्र शामिल हुए थे। अब इस विषय की परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी।

पांच सदस्यीय जांच समिति करेगी मामले की जांच

वही मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र किसी अन्य माध्यम से छात्रों तक पहुंचा हो सकता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का फैसला किया है। जांच के बाद पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुका है मामला

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में मार्च 2024 में भी परीक्षा के दौरान पेपर लीक की शिकायत सामने आई थी। हालांकि उस समय जांच समिति ने आधिकारिक पेपर लीक की पुष्टि नहीं की थी। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने और सभी छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Merrut में पुलिस पर दलित और गुर्जर नेताओं से ‘आतंकियों जैसा सलूक’ का आरोप, मचा हड़कंप! | Crime News

शेयर करना
Exit mobile version