अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की सगाई का समारोह अब बेहद करीब है। 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रवेश और निकास व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मद्देनजर रामघाट रोड स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।
स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी से होगी सगाई
संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी के साथ होगी। दोनों की मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। स्कूल के दिनों से शुरू हुई दोस्ती अब वैवाहिक रिश्ते में बदलने जा रही है। खास बात यह है कि इसी दिन संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी अंतरा त्यागी के साथ सगाई होगी। एक ही दिन परिवार में दो सगाई समारोह होने के चलते आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।
PM मोदी और अमित शाह समेत कई नेताओं को निमंत्रण
समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। हालांकि, अन्य वीवीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है शादी
सगाई समारोह के बाद संदीप सिंह और मेघना चौधरी का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। फिलहाल अलीगढ़ में होने वाले सगाई समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। प्रशासन का पूरा जोर कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर है।



