उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्र सरकार ने औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। उनका त्यागपत्र 15 सितंबर से प्रभावी मान लिया गया है। दिव्या मित्तल ने गत 30 अगस्त को व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला देते हुए स्वेच्छा से प्रशासनिक सेवा छोड़ने का निर्णय लिया था।
बता दें, दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे की जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स (X) के माध्यम से साझा की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने उनके त्यागपत्र की संस्तुति करते हुए फाइल केंद्र सरकार को भेज दी थी। प्रशासनिक गलियारों में उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति/त्यागपत्र को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मई 2026 में दिव्या मित्तल को देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज थीं। अब प्रशासनिक सेवा से बाहर होने के बाद उनके राजनीतिक पारी शुरू करने और मिर्जापुर क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है।












