ग्रेटर नोएडा। दनकौर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक युवक की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा 8 अगस्त का है, जब पीपलका गांव निवासी माजिद गाजियाबाद से दनकौर लौट रहा था। रास्ते में उसकी जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होकर धुआं छोड़ने लगा और कुछ ही पलों में जोरदार धमाके के साथ फट गया।
फटते ही कपड़ों में लगी आग
माजिद के मुताबिक, वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही मोबाइल में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद फोन के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए और आग की चपेट में आने से उसके कपड़े भी जलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसकी मदद की और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे में माजिद के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं, जबकि जेब में फोन फटने की वजह से शरीर के निचले हिस्से और प्राइवेट पार्ट में भी गंभीर चोटें आई हैं।
एक महीने पहले ही खरीदा था मोबाइल
पीड़ित ने बताया कि उसने यह मोबाइल करीब एक महीने पहले ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनिस मॉल स्थित डीजी कॉम नाम की दुकान से खरीदा था। फोन बिल्कुल नया था और सामान्य तरीके से ही इस्तेमाल हो रहा था। इस हादसे के बाद माजिद ने फोन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल विस्फोट की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि बैटरी खराब होने, शॉर्ट सर्किट या फोन के जरूरत से ज्यादा गर्म होने के कारण यह हादसा हुआ होगा। अब फोन और उसकी बैटरी की तकनीकी जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही सटीक कारण सामने आ सकेगा।



