गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी ने आज ग्रेटर नोएडा स्थित जेबीजे टेक्नोलॉजी लिमिटेड का दौरा किया, जहां उन्होंने कंपनी द्वारा तैयार किए जा रहे सीट बेल्ट जैसे महत्वपूर्ण ऑटोमोबाइल पार्ट्स की उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान, जिलाधिकारी ने सीट बेल्ट को रोड सेफ्टी में अहम योगदान देने वाला उत्पाद बताते हुए, इसके निर्माण में लगे श्रमिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीट बेल्ट हजारों लोगों की जान बचाती है और इसके उत्पादन में श्रमिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बता दें, इस दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने कंपनी परिसर में आयोजित किए गए मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया, जहां श्रमिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही थीं। ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र एवं दंत जांच जैसी सेवाओं का श्रमिकों ने आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता और उनकी उपलब्धता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित चिकित्सा टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बता दें, साथ ही जिलाधिकारी ने श्रमिकों से संवाद किया और उनके स्वास्थ्य संबंधी अनुभवों को जाना। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है और सभी श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने यह भी पाया कि निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की आंखों पर सूक्ष्म स्तर पर प्रभाव पड़ता है, जिसके लिए नियमित परीक्षण और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है। श्रमिकों ने कार्य स्थल पर ही निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि उद्योगों के विकास में श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, सहायक उपाध्यक्ष, और जेबीजे टेक्नोलॉजी लिमिटेड के देवेंद्र शर्मा समेत अन्य अधिकारी और कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
यह दौरा यह दर्शाता है कि सरकार श्रमिकों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यस्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दे रही है।














