मुंबई: ओटीटी (OTT) दर्शकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मशहूर ग्रामीण कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ (Gram Chikitsalaya) के दूसरे सीजन की आधिकारिक रिलीज डेट घोषित कर दी गई है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को प्रीमियर की तारीख का ऐलान करते हुए पुष्टि की है कि यह सीरीज आगामी 23 जून से भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी। नए सीजन में भी अमोल पाराशर द्वारा अभिनीत मुख्य किरदार ‘डॉ. प्रभात’ की कहानी जारी रहेगी, जो काल्पनिक गांव ‘भाथकांडी’ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
द वायरल फीवर (TVF) द्वारा निर्मित इस वेब सीरीज का निर्देशन ललितम तिवारी ने किया है, जबकि इसकी कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। सीरीज के कलाकारों की बात करें तो इसमें अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांशा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि इस नए सीजन में अभिनेता दिनेश लाल यादव की भी एंट्री हुई है। सीरीज का पहला सीजन भातकांडी गांव के संघर्षरत स्वास्थ्य केंद्र को पुनर्जीवित करने के डॉ. प्रभात के प्रयासों पर आधारित था, जहां वह धीरे-धीरे ग्रामीणों का विश्वास जीत रहे थे। सीजन दो वहीं से शुरू होगा जहां पहले सीजन की कहानी खत्म हुई थी, जिसमें डॉ. प्रभात गांव की नई बाधाओं और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी चुनौतियों से निपटते हुए नजर आएंगे।
शो की वापसी पर प्राइम वीडियो इंडिया के निदेशक और कंटेंट लाइसेंसिंग के प्रमुख मनीष मेंघानी ने बयान जारी कर कहा कि दर्शकों की प्राथमिकताएं बदल रही हैं और अब ग्रामीण भारत की कहानियों के लिए भूख तेजी से बढ़ी है। पहले सीजन की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद वे इस यात्रा का अगला भाग लाने के लिए बेहद उत्साहित हैं। वहीं निर्देशक ललितम तिवारी ने बताया कि नया सीजन केवल कॉमेडी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं, स्वास्थ्य सेवा की चुनौतियों, गहरे सामुदायिक संबंधों और वहां के लचीलेपन को बेहद प्रामाणिक और संबंधित पात्रों के जरिए जीवंत रूप में प्रदर्शित करेगा।














