गाजीपुर : भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने ओमान के मस्कट में हुई FIH यूथ हॉकी 5S एशियन चैंपियनशिप-2026 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
भारत की इस यादगार जीत में गाजीपुर जिले के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम के दो होनहार खिलाड़ी रोमित पाल और प्रहलाद कश्यप भारतीय टीम का हिस्सा रहे। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
इंटरनेशनल लेवल पर रोशन किया
मेघबरन सिंह स्टेडियम से भारतीय टीम तक का सफर तय करने वाले दोनों खिलाड़ियों ने अपने खेल और अनुशासन के दम पर जिले का नाम इंटरनेशनल लेवल पर रोशन किया है। भारत की जीत की घोषणा होते ही स्टेडियम में खिलाड़ियों, कोच और खेल प्रेमियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व का पल बताया।
कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया
स्टेडियम के मैनेजर पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि रोमित पाल और प्रहलाद कश्यप ने लगातार कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



