आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दबा दिया और ऊपर से प्लास्टर कर दिया। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक अपने पति को लापता बताती रही। शक के आधार पर पुलिस ने बाथरूम की खुदाई की, जहां से शव बरामद हुआ। मामले में महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, 44 साल के सुरेंद्र अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के प्राक्षी टावर चौकी इलाके में रहते थे। वह 18 मई से लापता थे। इस दौरान परिवार में उनके लापता होने की अफवाह फैली हुई थी।

भाई के शक पर खुला पूरा मामला

मृतक के भाई को पूरे घटनाक्रम पर शक हुआ। उसने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस घर पहुंची और जांच शुरू की। बाथरूम में नीचे काफी खुदाई की गई। खुदाई के दौरान सुरेंद्र का शव फर्श के नीचे से बरामद हुआ।

प्लास्टर से शव को छिपाया गया था

शुरुआती जांच में पता चला है कि शव को बाथरूम में दफनाने के बाद उस जगह पर प्लास्टर कर दिया गया था, ताकि किसी को पता न चले। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पत्नी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ जारी

पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

इलाके में मचा हड़कंप

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Lucknow से चल रहा था हाई टेक ठगी का सिंडिकेट,विदेशियों को बनाते थे शिकार

शेयर करना
Exit mobile version