मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि OP राजभर के बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह खुद समाजवादी पार्टी में आने के इच्छुक हैं।
मुरादाबाद में आयोजित PDA सम्मेलन को लेकर भी रुचि वीरा ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं दी गई और न ही सम्मेलन से जुड़े होर्डिंग-बैनरों में उनकी तस्वीर लगाई गई। सपा सांसद ने बिना किसी का नाम लिए पार्टी के एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिले में एक षड्यंत्रकारी नेता गुटबाजी को बढ़ावा दे रहा है और संगठन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
अखिलेश यादव से करेंगी शिकायत
रुचि वीरा ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि जिले को ऐसे नेताओं की राजनीति से बचाने की जरूरत है।
गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुरादाबाद PDA सम्मेलन और सपा के अंदरूनी हालात को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद रुचि वीरा की प्रतिक्रिया सामने आने से मुरादाबाद की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
सपा और अखिलेश यादव में जताया भरोसा
रुचि वीरा ने स्पष्ट कहा कि उनकी पूरी आस्था समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी हैं और संगठन हित में अपनी बात नेतृत्व तक पहुंचाएंगी।













