तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल बीजेपी के बीच राजनीतिक वाकयुद्ध तेज हो गया है। हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे और राज्य में सरकार बनाने के दावे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जोरदार पलटवार किया है।
रेवंत रेड्डी का तीखा तंज
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बीजेपी अध्यक्ष के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हाल ही में कोई व्यक्ति आया था, नवीन या जो भी नाम हो, मुझे उनका नाम भी ठीक से नहीं पता। वे कह रहे हैं कि अगली सरकार उनकी होगी। आपने पश्चिम बंगाल में भी यही कहा था।” रेड्डी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में बीजेपी को पूरी तरह से “कुचल” देगी और उन्हें यहां सिर उठाने का मौका नहीं दिया जाएगा।
BJP का पलटवार और रणनीति
मुख्यमंत्री के इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने एक्स पर पोस्ट करते हुए रेवंत रेड्डी के बयान को “अहंकार की पराकाष्ठा” करार दिया और इसे कांग्रेस की वास्तविक मानसिकता बताया।
इससे पहले, नितिन नवीन ने बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक में कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पूर्व किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया था। बीजेपी ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आगामी दिनों में एक राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की योजना बनाई है, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को हर गांव और शहर तक सरकार की विफलताएं पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।













