वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व इस बार और भव्य अंदाज में मनाने की तैयारी है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर 2026 को वाराणसी के गंगा घाटों को 11 लाख से अधिक दीयों और रोशनी से सजाया जाएगा। इस दौरान चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली के आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इस बार आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव

देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक वाराणसी के नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के सभी गंगा घाटों पर देव दीपावली मनाई जाएगी।

इस दौरान 11 लाख से अधिक दीयों और आकर्षक रोशनी से घाटों को जगमग किया जाएगा। वहीं, 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

लेजर शो, महाआरती और ग्रीन आतिशबाजी होगा आकर्षण

देव दीपावली के मुख्य आयोजन में कई खास आकर्षण शामिल किए गए हैं। चेत सिंह घाट पर लेजर शो आयोजित होगा, जबकि दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती की जाएगी। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन भी होगा।

14 अस्पतालों का बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

10 जोन और 21 सेक्टर में बांटी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था

देव दीपावली के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए वाराणसी को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा जाएगा। निगरानी के लिए 27 वॉच टॉवर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी।

गंगा में नावों का संचालन टू-वे लेन सिस्टम के तहत होगा। वहीं, शहर को जाम से बचाने के लिए अलग-अलग डायवर्जन पॉइंट और पार्किंग स्थल भी बनाए जाएंगे।

आयोजन में स्थानीय लोगों की भागीदारी पर सीएम योगी का जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि देव दीपावली के आयोजन में अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को सहभागी बनाया जाए। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

सीएम योगी ने कहा है कि काशी आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां से अविस्मरणीय और सुखद अनुभव लेकर लौटें, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

13  नवंबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version