डेस्क : मशहूर एक्टर कार्तिक आर्यन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। करीब पांच साल पहले घोषित हुई इस फिल्म को लेकर लंबे समय से कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया था, लेकिन अब फिल्म की कास्ट को लेकर नई जानकारी ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलयालम और तमिल सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री पार्वती थिरुवोथु फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आ सकती हैं। हालांकि, उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म के निर्देशन की कमान शिमित अमीन संभाल रहे
फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की घोषणा साल 2021 में हुई थी। शुरुआत में इसके निर्देशन की जिम्मेदारी हंसल मेहता के पास थी, लेकिन बाद में वह इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए। अब फिल्म के निर्देशन की कमान शिमित अमीन संभाल रहे हैं, जो ‘चक दे इंडिया’ जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। शिमित अमीन लंबे समय बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’ का निर्देशन किया था।
9 साल बाद पार्वती थिरुवोथु करेंगी वापसी
वहीं, पार्वती थिरुवोथु इससे पहले हिंदी फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर चुकी हैं। अब करीब 9 साल बाद वह एक बड़े हिंदी प्रोजेक्ट के साथ वापसी करने की तैयारी में हैं।
फिल्मों में पैन इंडिया कल्चर बढ़ने के साथ हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकारों के बीच सहयोग भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में कार्तिक आर्यन और पार्वती थिरुवोथु की जोड़ी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल सकता है।














