केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुकी है। पूरे धाम को फूलों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया है।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। केदारनाथ धाम पूरी तरह सजकर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है। 22 अप्रैल की सुबह ठीक आठ बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।
इससे पहले गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा पहले ही शुरू हो चुकी है। अब केदारनाथ के बाद 23 अप्रैल को बदरीनाथ मंदिर के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिससे यात्रा पूरी तरह गति पकड़ लेगी।
फूलों से सजाया गया केदारनाथ धाम
कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुकी है। पूरे धाम को फूलों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल के बीच श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।



