उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के भैसाना गांव के पास ओवरस्पीड रोडवेज बस ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक मासूम बच्ची और तीन पुरुषों समेत कुल 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस बड़ौत डिपो (UP 17) की थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और फरार बस चालक की तलाश में जुट गई है।














