नई दिल्ली: ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। जहाज भारत की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे निशाना बनाया गया। भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है। ओमानी अधिकारियों की मदद से जहाज पर सवार क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया है।
विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर MV Cape Dao पर हुए हमले की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि ओमान के पूर्वी तट के पास हुई इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए समन्वय किया जा रहा है। भारत ने ओमानी अधिकारियों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया है।
कमर्शियल जहाजों पर हमलों को लेकर भारत चिंतित
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई। भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपील दोहराई।
भारत ने कहा कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार जल्द बहाल करने की अपील की गई है।
देवरिया के सूरज यादव की मौत
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक भारतीय नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव के रूप में की है। रिपोर्टों के मुताबिक, सूरज यादव जहाज पर वाइपर के तौर पर काम कर रहे थे।
FSUI के अनुसार, जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय थे। यूनियन ने दावा किया कि जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया, जिनमें एक पोर्ट साइड के C-डेक और दूसरा इंजन रूम के हिस्से में लगा। हालांकि, भारतीय दूतावास ने जहाज पर 19 भारतीय नागरिकों के होने की जानकारी दी है।
ओमानी नौसेना ने क्रू को सुरक्षित निकाला
ओमान ऑब्जर्वर के अनुसार, रॉयल नेवी ऑफ ओमान के एक जहाज ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाला। सभी को आवश्यक चिकित्सा सहायता भी दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें 19 भारतीय शामिल थे और हमले में एक क्रू सदस्य की मौत हुई।
घटना के बाद भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। मृतक नाविक के परिवार से भी संपर्क किया जा रहा है।














