देहरादून: उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों और चारधाम यात्रियों से सतर्क रहने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।

गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बताया कि मानसून के दौरान लगातार बारिश के कारण कई घटनाएं सामने आ रही हैं और नदियों का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के मुताबिक, टोंस, टमसा और आसन नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है।

कमिश्नर ने बताया कि मौसम खराब होने के बावजूद चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। हालांकि, हालात बिगड़ने पर जिला प्रशासन को यात्रा रोकने का फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की अनुमति के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य मार्गों की मरम्मत का काम जारी है। यात्रियों के लिए कई जगहों पर अस्थायी ठहराव केंद्र बनाए गए हैं, जहां शौचालय और पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

भारी बारिश से जलमग्न हुआ शहर! कक्षा 8 तक स्कूल बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

शेयर करना
Exit mobile version