देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी को झटका लगा है। भाजपा नेता और मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने मंगलवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। रामशरण नौटियाल 2022 में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।
रामशरण नौटियाल ने अपने इस्तीफे की वजह को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों में स्थानीय पार्टी नेताओं के रवैये और आपसी राजनीतिक खींचतान से उनकी नाराजगी का जिक्र किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी उनके इस्तीफे की औपचारिक जानकारी मिलने से अनभिज्ञता जताई है।
2022 में चकराता से BJP के उम्मीदवार थे रामशरण नौटियाल
रामशरण नौटियाल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें 27,417 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रीतम सिंह को 36,853 वोट मिले थे। इस चुनाव में रामशरण नौटियाल दूसरे स्थान पर रहे थे।
रामशरण नौटियाल इससे पहले देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं और जौनसार-बावर क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थानीय भाजपा नेताओं पर कई आरोप भी लगाए थे।
कांग्रेस में वापसी को लेकर अटकलें
रामशरण नौटियाल के भाजपा छोड़ने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने अभी किसी दूसरी पार्टी में जाने का ऐलान नहीं किया है। उनके पुराने कांग्रेस संबंधों को देखते हुए कांग्रेस में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन इस संबंध में रामशरण नौटियाल या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले रामशरण नौटियाल का भाजपा से इस्तीफा चकराता और जौनसार-बावर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। उनके अगले राजनीतिक कदम पर अब सबकी नजर है। वहीं, चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।














