इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप के तट पर शनिवार सुबह आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। 7.7 तीव्रता के इस भूकंप में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने मौतों की पुष्टि की है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर में आया। इसके बाद कई झटके (आफ्टरशॉक्स) भी महसूस किए गए।
USGS ने बताया कि करीब 5 लाख लोग इस भूकंप के तेज या गंभीर झटकों के संपर्क में आए। भूकंप के कारण इमारतों को नुकसान पहुंचा और कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल गए।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) ने बताया कि भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में हटा लिया गया। एजेंसी के अनुसार, नेगेकेओ क्षेत्र में करीब 2,000 लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
BNPB की शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 15 इमारतों, जिनमें निजी घर और सरकारी कार्यालय शामिल हैं, को नुकसान पहुंचा है।
इससे पहले शनिवार को इंडोनेशिया में 7.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार यह भूकंप 49 किलोमीटर की गहराई में आया था। इसके बाद फ्लोरेस सागर क्षेत्र में 6.3 और 6.0 तीव्रता के दो और भूकंप दर्ज किए गए।














