डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपनी फिल्म ‘आवारापन 2’ की सफलता का आनंद ले रहे थे, लेकिन इसी बीच उनकी सेहत से जुड़ी एक खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता H1N1 वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। तबीयत खराब होने के चलते उन्हें बेंगलुरु में होने वाले एक इवेंट से दूरी बनानी पड़ी।
बताया जा रहा है कि पिछले एक-दो दिनों से इमरान हाशमी की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बाद उन्होंने H1N1 का टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें जरूरी इलाज के साथ पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है।
बेंगलुरु इवेंट में नहीं पहुंच पाए इमरान
बता दे कि इमरान हाशमी को बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण वह कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सके। वही अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस और इवेंट में उनका इंतजार कर रहे लोगों से माफी भी मांगी है ।
वही एक्टर इमरान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि वह बेंगलुरु के लोगों से माफी मांगना चाहते हैं। खराब तबीयत की वजह से वह इवेंट में शामिल नहीं हो पाए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुलाकात रद्द नहीं हुई है, बल्कि फिलहाल टल गई है। अभिनेता ने बताया कि वह 12 सितंबर को बेंगलुरु में लोगों से मिलेंगे।
‘आवारापन 2’ के बाद अगली फिल्म को लेकर उत्साह
इमरान हाशमी के लिए प्रोफेशनल फ्रंट पर भी यह दौर खास है। ‘आवारापन 2’ को मिली सफलता के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘गन मास्टर जी9’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद इमरान के फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। ‘गन मास्टर जी9’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब फैंस अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने और उन्हें फिर से पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।















