नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बहाने आर्केस्ट्रा में काम करने वाली एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि उसे डांस कार्यक्रम कराने के लिए किराये के मकान में बुलाया गया था, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

डांस कार्यक्रम के नाम पर कमरे में बुलाया

जानकारी के मुताबिक, मोहल्ले के एक मकान में कुछ युवक किराये पर रहकर पढ़ाई करते हैं। इसी मकान में रहने वाले एक युवक का जन्मदिन था। पार्टी में डांस कार्यक्रम कराने के लिए आर्केस्ट्रा से जुड़ी दो युवतियों को बुलाया गया था। पीड़िता के मुताबिक, जब दोनों युवतियां वहां पहुंचीं तो कमरे में पहले से सात युवक मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान उसकी साथी युवती वहां से चली गई। इसके बाद आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की।

पीड़िता ने पुलिस को बताई पूरी घटना

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे डांस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। उसने आरोपित युवकों को पहले से पहचानने से भी इनकार किया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने संबंधित कमरे का निरीक्षण किया और जांच के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

दोनों युवतियों से पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस दोनों युवतियों को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपित युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

KGMU की रिपोर्ट में 12 लोगों का जिक्र, आरोपों और संदिग्ध भूमिकाओं का खुलासा

शेयर करना
Exit mobile version