आजमगढ़: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजमगढ़ में बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को न तो निषाद पार्टी भूली है और न ही वह खुद आजमगढ़ को भूलने वाले हैं। संजय निषाद ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी आजमगढ़ की दो सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
इसके साथ ही उन्होंने आजमगढ़ मंडल की चार विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार उतारने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि निषाद समाज के योग्य और जिताऊ उम्मीदवारों को टिकट देने में प्राथमिकता दी जाएगी।
अतरौलिया में हुआ संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन
अतरौलिया के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान निषाद समाज के बड़ी संख्या में लोग जुटे। महासम्मेलन के साथ पदयात्रा भी निकाली गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने कहा, “आजमगढ़ को न पार्टी भूली है, न मैं भूलने वाला हूं।” उन्होंने निषाद समाज के इतिहास और पहचान का जिक्र करते हुए कहा, “हम महाराजा गुह्यराज निषाद के वंशज हैं, छेड़ते नहीं, लेकिन छोड़ते भी नहीं।”
2022 के चुनाव का भी किया जिक्र
संजय निषाद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अतरौलिया के प्रत्याशी को जिले में एनडीए के तहत सबसे ज्यादा वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन में निषाद पार्टी अपने हिस्से की सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उनके इस ऐलान के बाद आजमगढ़ और आसपास की विधानसभा सीटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।













