भारतीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए उत्तर प्रदेश में बड़ी कार्रवाई की है। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के री-पोल के दौरान प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर आयोग के निर्देश पर कुल 6 अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बता दें, यह कार्रवाई मतदान केंद्र संख्या 21 और 26 पर हुई गड़बड़ियों और पर्यवेक्षण में ढिलाई के मामलों की गहन समीक्षा के बाद की गई है। निलंबित किए गए अधिकारियों में प्रशासनिक और पुलिस महकमे दोनों के जिम्मेदार पद शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार, सेक्टर मजिस्ट्रेट ओपी चक और विशाल राठौर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस महकमे से इंस्पेक्टर हरिशरण सिंह, इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम पाल, सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार और सब-इंस्पेक्टर सुमित त्यागी पर भी गाज गिरी है और इन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।
आयोग की इस सख्त कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्वाचन प्रक्रिया की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखने में जो भी अधिकारी विफल रहेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को यह चेतावनी भी दी गई है कि आगामी चुनावी आयोजनों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












