आगरा: गुजरात में साल 2021 में हुई सोना लूट की वारदात के मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। आगरा STF और गुजरात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी निखिल मेहरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को सिकंदरा स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी निखिल मेहरा पिछले करीब छह साल से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। गुजरात में वर्ष 2021 में एक गिरोह ने सोना लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह के सदस्यों ने खुद को आयकर अधिकारी बताया था। इसके बाद बस को रुकवाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसके आगरा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद STF आगरा और गुजरात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सिकंदरा इलाके में स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी में दबिश दी और निखिल मेहरा को गिरफ्तार कर लिया।
करीब छह साल बाद हुई इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा लूट की वारदात में उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



