अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही, उन्हें 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर और अतिरिक्त साड़ी के लिए भी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्र वीरान और जर्जर हाल में पड़े रहते थे, और केंद्र सरकार द्वारा पोषाहार के लिए भेजा गया पैसा सपा सरकार के लोग और माफिया डकार जाते थे। सीएम ने कहा कि पहले सरकार और माफियाओं की मिलीभगत थी, जबकि बीते नौ सालों में हमारी सरकार ने आंगनबाड़ी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रूप दिया है।
डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। जिस अयोध्या में पहले केवल 3 घंटे बिजली आती थी, आज वहां 24 घंटे निर्बाध बिजली मिल रही है और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण हो चुका है।
उन्होंने सपा और कांग्रेस को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा समाज को बांटने और राम मंदिर का विरोध करने का काम किया है। आज जब अयोध्या विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रही है, तब भी ये दल विकास पर सवाल उठा रहे हैं।












