अलीगढ़ : चंडौस क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जिम से घर लौट रहे एक 14 वर्षीय किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान कस्बा टीचर कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा के पुत्र विनय गौड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनय शनिवार रात करीब 8:30 बजे कस्बे के कसेरू रोड स्थित एक जिम सेंटर में व्यायाम करने गया था और वहां से लौटने के बाद यह हादसा हुआ।
विनय ने रास्ते में बाजार से पनीर खाया और इसके बाद ठंडा पानी भी पिया
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जिम से वापस आते समय विनय ने रास्ते में बाजार से पनीर खाया और इसके बाद ठंडा पानी भी पिया। इसके बाद वह साइकिल से अपने घर की ओर निकल पड़ा। जैसे ही वह मुख्य सड़क पर जहराना मोड़ के पास पहुंचा, उसे अचानक बेचैनी महसूस होने लगी। हालत बिगड़ने पर उसने साइकिल किनारे खड़ी की और पास के एक चबूतरे पर बैठ गया, जहां कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
आसपास मौजूद दुकानदारों ने तुरंत उसकी स्थिति को देखते हुए स्थानीय निजी चिकित्सक को बुलाया और प्राथमिक उपचार दिलाने की कोशिश की। हालांकि हालत में सुधार न होने पर उसे तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन रात करीब 9:45 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विनय दो भाइयों में बड़ा था और उसकी असमय मौत से घर में मातम छा गया है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है और चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी इस घटना से शोक का माहौल है।














