बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने शुक्रवार को मॉडल गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ शादी कर ली। करीब 8 साल तक डेटिंग के बाद दोनों ने गोवा में सादगी भरे अंदाज में रजिस्टर्ड मैरिज की। यह शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत हुई।
सब-रजिस्ट्रार सूरज वेर्नेकर ने ANI को फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि अर्जुन और गैब्रिएला ने मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी की औपचारिकताएं पूरी कीं। सामने आई तस्वीरों में दोनों कैजुअल आउटफिट में दस्तावेजों पर साइन करते हुए नजर आए। इस दौरान दोनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला की मुलाकात साल 2018 में कुछ कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी। कुछ महीनों बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। साल 2019 में कपल ने अपने पहले बेटे एरिक रामपाल का स्वागत किया था। इसके चार साल बाद उनके दूसरे बेटे एरिव का जन्म हुआ।
बता दें कि अर्जुन रामपाल की पहली शादी मॉडल मेहर जेसिया से हुई थी। दोनों की दो बेटियां महिका रामपाल और मायरा रामपाल हैं। साल 2019 में दोनों आधिकारिक रूप से अलग हो गए थे।
वहीं, वर्क फ्रंट की बात करें तो अर्जुन रामपाल इन दिनों अपनी फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं, जिसने उनके करियर में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।



