नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देश के 121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन फास्टैग स्थानीय पास की सुविधा का विस्तार कर दिया है। अब दैनिक यात्री ‘राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप’ के जरिए घर बैठे ही मासिक स्थानीय पास बनवा सकेंगे, जिससे टोल प्लाजा पर जाकर कागजात जमा कराने का झंझट पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
पहले कहां से हुई थी शुरुआत?
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि डिजिटल लोकल पास की यह सुविधा सबसे पहले जुलाई 2026 में दिल्ली के यूईआर-2 स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई थी। इस पहल का मकसद राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को आसान और लोगों के अनुकूल बनाना है। तकनीक के इस्तेमाल से टोल संचालन में पारदर्शिता और कार्यक्षमता भी बढ़ाई जा रही है।
किन लोगों को मिलेगा फायदा?
नई व्यवस्था के तहत, जो लोग किसी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं, वे राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप के जरिए स्थानीय पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह पास उन्हें संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने अनलिमिटेड यात्रा की अनुमति देगा। पहले की व्यवस्था में लोगों को अपना पता साबित करने के लिए दस्तावेज लेकर खुद टोल प्लाजा जाना पड़ता था, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है।



