उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से विकास के दावों की पोल खोलती एक दिलचस्प और बड़ी तस्वीर सामने आई है। मिर्जापुर नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा खुद अपनी ही विधानसभा के एक जलभराव वाले रेलवे अंडरपास में फंस गए।
मामला विंध्याचल क्षेत्र के पास स्थित अकोढ़ी गांव के रेलवे अंडरपास का है। पूरी बरसात के मौसम में मिर्जापुर नगर विधानसभा के लगभग हर रेलवे अंडरपास में पानी भरने की वजह से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता रहा है। जब विधायक रत्नाकर मिश्रा अपनी गाड़ी से इस क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी अंडरपास में जमा पानी के गहरे गड्ढे में उनकी कार बंद हो गई और वहीं फंस गई।
विधायक की गाड़ी पानी में फंसते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने एक ट्रैक्टर का इंतजाम किया और विधायक की गाड़ी को टोचन (रस्सी से बांधकर) करके पानी से बाहर निकाला गया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समस्या को जनता पूरी बरसात झेलती आई है, आज उससे खुद विधायक जी का सामना हो गया।



