डेस्क : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव को लेकर तीखा बयान देते हुए कहा कि अगर वह कुछ बातें खोल देंगे तो उनके लिए खड़े होने की जगह नहीं बचेगी।
जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अब “PC” बन गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ ट्वीट करेंगे, रैली या सभा नहीं करेंगे।
जयंत चौधरी ने कहा कि उन्होंने “G फॉर गन्ना” की बात कही थी, लेकिन कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा कि जिन्हें गन्ना और किसानों की बात से परेशानी है, उन्हें किसानों का वोट नहीं मिलेगा। उन्होंने जातिगत राजनीति को लेकर भी बयान दिया। जयंत चौधरी ने कहा कि किसी व्यक्ति को उसकी अच्छाई से देखना चाहिए, जाति के आधार पर नहीं। उन्होंने कहा कि अपराधी की जाति नहीं खोजी जाती, बल्कि उसके अपराध को देखा जाता है।
जयंत चौधरी ने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि राजनीति में व्यक्ति और उसके काम को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।जयंत चौधरी के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।












