समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट कर बीजेपी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में PDA सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे किसी शोषित, वंचित और गरीब को भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती नहीं सहनी पड़ेगी।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बीजेपी पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि अयोध्या में तथाकथित नारी वंदन का जो हिंसक नजारा पेश किया गया, वह वंदनीय नहीं बल्कि निंदनीय है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित बीजेपी नेताओं और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि बीजेपी के लोग नारी का सम्मान नहीं, बल्कि अपमान करते हैं। उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवा की मां का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा दुखी मां का सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया, जिसे प्रदेश की महिलाएं नहीं भूलेंगी।
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने बीजेपी की चुनावी स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि दोनों चुनावों में बीजेपी की हार ने जनता के बीच उसके जुमलों की पोल खोल दी है। उन्होंने बीजेपी को तेल की फिसलन वाली ढलान पर बताया।
अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जनता अब बीजेपी को हमेशा के लिए हराने के मूड में है। उनके मुताबिक, बीजेपी से जुड़े कुछ राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरी पार्टियों में जगह तलाश रहे हैं।
अपने पोस्ट के अंत में सपा अध्यक्ष ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, “अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!”


