चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आदर्श स्कूलों में तैनात शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य के करीब 1,100 शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनका मासिक वेतन मौजूदा 10,000 रुपये से बढ़कर 22,000 रुपये से अधिक हो जाएगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है, जो पंजाब का भविष्य गढ़ रहे हैं।
शिक्षकों के हितों की रक्षा करती रहेगी सरकार
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षकों की अहम भूमिका के बावजूद इस समुदाय की अनदेखी की।

उन्होंने कहा, शिक्षक हमारी शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। करीब दो दशकों से ये शिक्षक कम वेतन मिलने के बावजूद पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं। हमारी सरकार ने वेतन में 120 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी कर इस लंबे अन्याय को दूर किया है।
केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
सीएम मान ने बताया कि शिक्षकों को न केवल बढ़ा हुआ वेतन दिया जाएगा, बल्कि उनकी सेवा शर्तों को भी बेहतर बनाया जाएगा और केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर सुविधाएं दी जाएंगी। फिलहाल सीबीएसई से मान्यता प्राप्त इन आदर्श स्कूलों में 15,000 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा, जब शिक्षक सुरक्षित और सम्मानित महसूस करते हैं, तभी बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलती है। हमारी पहली प्राथमिकता शिक्षकों के हितों की सुरक्षा है, ताकि हर बच्चे का भविष्य सुरक्षित रहे।
इन अधिकारियों ने की बैठक में भागीदारी
बैठक में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत और स्कूल शिक्षा सचिव सोनाली गिरि समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


