डेस्क: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इनमें एक कैबिनेट मंत्री का नाम भी शामिल है। पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में पुराने चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है।
AAP के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी सूची में माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
कई सीटों पर बदले गए उम्मीदवार
अमृतसर नॉर्थ सीट से पार्टी ने कुंवर विजय प्रताप सिंह की जगह करमजीत सिंह रिंटू को उम्मीदवार बनाया है। कुंवर विजय प्रताप सिंह हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए थे और पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
तरनतारन जिले की पट्टी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का टिकट काटकर जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को मैदान में उतारा गया है। वहीं, जालंधर सेंट्रल सीट से मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा की जगह नितिन कोहली को उम्मीदवार बनाया गया है।
चमकौर साहिब सीट से AAP ने विधायक चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गढ़ी को टिकट दिया है। जसवीर सिंह गढ़ी बहुजन समाज पार्टी (BSP) छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
कैबिनेट मंत्री समेत कई विधायकों का टिकट कटा
खरड़ विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक अनमोल गगन मान की जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है।
मुक्तसर जिले की लंबी सीट पर भी पार्टी ने बड़ा बदलाव किया है। यहां कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह उनके रिश्तेदार रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है।
बठिंडा ग्रामीण सीट से मौजूदा विधायक अमित रतन की जगह गोपाल सिंह को टिकट मिला है। वहीं, शुतराणा विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर की जगह वनींदर कौर लोंबा को मैदान में उतारा गया है।
117 सीटों वाली विधानसभा के लिए AAP की तैयारी
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AAP की दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। सूची में कई मौजूदा विधायकों और एक कैबिनेट मंत्री की जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है।
पार्टी की इस सूची से साफ है कि चुनाव से पहले उम्मीदवारों के चयन में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। अब सभी की नजरें AAP की अगली सूची और चुनावी रणनीति पर रहेंगी।



