देश की प्रमुख पैकेज्ड पानी कंपनियों में शुमार बिसलेरी के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार, बिसलेरी के पानी के सैंपल दो बार की जांच में असुरक्षित पाए गए हैं, जिसके चलते पानी को पीने योग्य नहीं माना गया है।
पहली जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। कंपनी द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद कराई गई दूसरी जांच में भी पानी असुरक्षित पाया गया और इस बार उसमें पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) जैसे तत्व भी मौजूद मिले। ब्रोमेट और PAHs दोनों को कैंसर से जुड़े जोखिम वाले पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है। खास बात यह है कि ये सैंपल बाजार के बजाय कंपनी के परिसर से ही एकत्र किए गए थे। FSSAI के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में केस चलाया जाएगा। इस मामले में फिलहाल बिसलेरी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
50 वर्ष से अधिक पुराने ब्रांड पर हुई इस कार्रवाई ने लोगों को चौंका दिया है। हालांकि, FSSAI की यह कार्रवाई केवल बिसलेरी तक सीमित नहीं है। नियामक संस्था ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमे और रिकॉल के कदम उठाए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर उर्मी लाइफसाइंस और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि आशा कन्फेक्शनरी को पहले से पैक चॉकलेट-फिल्ड बिस्कुट वापस मंगाने का आदेश दिया गया है।














