राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की मुश्किलें अभी कम होती नहीं दिख रही हैं। अदालत ने दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत को दो दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। इससे पहले उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद दोनों नेता अन्य परिसरों से होते हुए वहां पहुंच गए थे, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।
बता दें, इस पूरे घटनाक्रम के बीच CJP चीफ अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने आशुतोष रांका और सौरव दास का समर्थन करते हुए लिखा कि अगर वे चाहते तो विदेश में शानदार और उच्च वेतन वाली नौकरी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने देश के लिए दूसरा रास्ता चुना। अभिजीत दीपके ने विशेष रूप से जिक्र किया कि आशुतोष रांका के पास लंदन में बेहतरीन सैलरी की नौकरी और एक आरामदायक जीवन था, जिसे उन्होंने देशहित के लिए छोड़ दिया।
वहीं, इससे पहले CJP फाउंडर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर कानूनी प्रक्रिया में देरी करने का आरोप भी लगाया था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी और कार्यकर्ता इस तरह की कार्रवाइयों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। अदालत के इस नए फैसले के बाद अब दोनों नेताओं को दो दिन और हिरासत में रहना होगा, जबकि पार्टी समर्थकों की निगाहें आगे की कानूनी लड़ाई पर टिकी हुई हैं।



