कानपुर में चकेरी के दहेली सुजानपुर के पास हाईवे पर शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक में बैग फंसने से स्कूटर सवार युवती सड़क पर गिर गई और करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान वह ट्रक के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे में स्कूटर चला रहा उसका सहकर्मी भी दूसरी तरफ गिर गया, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल युवक का इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
चकेरी के घाऊखेड़ा निवासी सेवानिवृत्त रामबाबू चौरसिया की 25 वर्षीय बेटी नेहा रावतपुर स्थित एक पैथोलॉजी में काम करती थी। परिजनों के मुताबिक, नेहा रोज स्कूटर से ड्यूटी जाती थी। शुक्रवार रात वह अपने सहकर्मी मंगला विहार निवासी राहुल के साथ घर लौट रही थी।
रात करीब साढ़े आठ बजे जब दोनों दहेली सुजानपुर के पास पहुंचे, तभी ट्रक में नेहा का बैग फंस गया। बैग फंसने से वह स्कूटर से गिर गई और ट्रक में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वह ट्रक के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
नेहा को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक कोयला नगर के पास ट्रक छोड़कर भाग निकला।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












