नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट किए हैं। मायावती ने अपने पोस्ट में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के आगामी दौरों का ऐलान करने के साथ-साथ पार्टी विरोधी अफवाहों पर भी कड़ा विराम लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद को भी पार्टी में एक अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा की है।
आकाश आनंद इन जिलों में करेंगे जनसभाओं को संबोधित
मायावती ने जानकारी दी है कि बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पार्टी और मूवमेंट के कार्यों को पूरी परिपक्वता और मेहनत के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में वे आने वाले हफ्तों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पार्टी द्वारा आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे:
- 28 अक्टूबर 2026: जिला बुलन्दशहर
- 02 नवंबर 2026: जिला सहारनपुर
- 20 नवंबर 2026: जिला अयोध्या
- 22 नवंबर 2026: जिला आगरा
- 29 नवंबर 2026: जिला कानपुर नगर
इसके अतिरिक्त, आकाश आनंद 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान दिवस’ के मौके पर पंजाब स्टेट में आयोजित ‘विचार संगोष्ठी समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 06 दिसंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के जिला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी व जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का दो-ूक, अफवाहों से सावधान रहने की अपील
मायावती ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि आकाश आनंद द्वारा पूरी तन्मयता से काम करने से यह साबित होता है कि पिछले दिनों हुए अप्रिय घटनाक्रम के लिए उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार थे, जिन्हें पार्टी से बाहर कर संन्यास की सलाह दी गई थी।
बसपा सुप्रीमो ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को बहकाने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अफवाहों में रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है कि अशोक सिद्धार्थ को दोबारा पार्टी में वापस लिया जाएगा। मायावती ने दो टूक कहा कि अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में और किसी भी कीमत पर पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने पार्टी के सभी लोगों से इन अफवाहों से सावधान रहने और आकाश आनंद को सौंपे गए सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।
ईशान आनंद को मिली पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में जिम्मेदारी
मायावती ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद, जिन्होंने लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी की है, अब पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बसपा के दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे। वे पार्टी के चुनाव और अन्य पेपरवर्क से जुड़े कार्यों में सहयोग करेंगे।















