Weather Update: उत्तर भारत में ठंड ने इस साल पहले ही दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे पारा लगातार गिर रहा है। उत्तराखंड के निचले इलाकों में भी बारिश हुई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड, औली और मुनस्यारी सहित गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों की ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी है। बर्फबारी और बारिश के कारण लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। पहाड़ों पर लोग स्वेटर और जैकेट पहनते दिखाई दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी कुल्लू और मंडी जिलों तथा लाहौल-स्पीति जिले के विभिन्न हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर का असर बना हुआ है। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग भी अवरुद्ध हो गया था। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान जताया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को दिल्ली का तापमान पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया, न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम था।
आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम भी ठंडा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को भी मौसम साफ रहने की संभावना है, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस तरह उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत स्पष्ट रूप से महसूस की जा रही है।