लखनऊ। इकाना स्टेडियम में बुधवार को खेले गए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 8वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें नंबर-1 फिनिशर का तमगा यूं ही नहीं मिला।
बारिश और डकवर्थ-लुईस (DLS) पार स्कोर के भारी दबाव के बीच रिंकू ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स के मुंह से जीत छीन ली और मेरठ को 5 रनों की यादगार जीत दिला दी।
लखनऊ ने बनाया 183 रन का मजबूत स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने तय 20 ओवरों में 183/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि अजीत वर्मा ने 37 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन की शानदार पारी खेली। आखिरी ओवरों में सत्यम पांडे और वप्रज निगम ने भी उपयोगी योगदान दिया। मेरठ की तरफ से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने 2-2 विकेट लिए।

22 पर 3 विकेट, फिर रिंकू का तूफान
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने स्वास्तिक चिकारा को आउट किया, फिर अभिनंदन सिंह ने ऋतुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेज दिया। 22 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। आखिरी 5 ओवरों में जीत के लिए 59 रन चाहिए थे और क्रीज पर कप्तान रिंकू सिंह का आना बाकी था।

बारिश के बीच रिंकू ने मचाया कोहराम
15वें ओवर में रिंकू ने अभिनंदन सिंह की गेंदों पर 19 रन बटोरे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और मैच DLS की तरफ बढ़ने लगा। 16.3 ओवर में मेरठ DLS पार स्कोर से 1 रन पीछे थी, लेकिन रिंकू ने अगली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर टीम को आगे कर दिया। इसके बाद 17वें ओवर में नवनीत कुमार की गेंदों पर रिंकू ने महज 5 गेंदों में 26 रन कूट डाले।

16.5 ओवर में तेज बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा, तब मेरठ का स्कोर 154/6 था—जो DLS पार स्कोर से ठीक 5 रन ज्यादा था। बारिश के बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ को 5 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। रिंकू सिंह 24 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे।
कार्यक्रम की हुई खास शुरुआत
मुकाबले का औपचारिक उद्घाटन लखनऊ कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने पारंपरिक घंटा बजाकर किया। इस मौके पर गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












