यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में कानपुर सुपरस्टार्स ने शानदार वापसी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को 7 विकेट से हरा दिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कानपुर ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की।
पहले गेंदबाजी करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स के तेज गेंदबाज अजय कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया और 4 विकेट झटककर लखनऊ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके बाद कप्तान समीर रजवी और अदर्श सिंह की अर्धशतकीय पारियों ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
लखनऊ ने बनाए 146 रन, अजय कुमार ने बरपाया कहर
बारिश के कारण मुकाबला 18-18 ओवर का खेला गया। लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 146 रन बनाए।
लखनऊ की ओर से मोहम्मद सैफ ने 33 रन और प्रयम गग ने 19 रन बनाए। वहीं अंतिम ओवरों में विप्रज निगम ने 10 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कानपुर की ओर से अजय कुमार ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
रजवी और अदर्श की साझेदारी ने बदला मैच

147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत शानदार रही। टीम ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 48 रन बनाए।
अदर्श सिंह ने 44 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार पारी खेली। वहीं कप्तान समीर रजवी ने 40 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए।

दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
आखिरी ओवर में बढ़ा रोमांच
मैच के अंतिम ओवर में कानपुर को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। नवनीत कुमार ने पहली गेंद पर अदर्श सिंह को आउट कर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया।

इसके बाद सत्यम सांगू ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौका लगाया और फिर एक रन लेकर कानपुर सुपरस्टार्स को 7 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।











