उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंदिरा कैनाल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एक लाख के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था संजय
मारा गया अपराधी संजय उर्फ संजीव अम्बेडकरनगर जनपद का निवासी था। वह 27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस आयुक्त, लखनऊ द्वारा उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई जिलों में फैला था अपराध का नेटवर्क
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय उर्फ संजीव कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों में शामिल रहा है।
उसके संबंध कुख्यात गैंगों और अपराधियों से भी बताए जाते हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था। लखनऊ पुलिस ने इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता बताया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











