लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिड-डे मील रसोइयों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। सरकार ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाने के साथ-साथ ड्रेस भत्ता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की है।
सीएम योगी के फैसले के अनुसार अब मिड-डे मील रसोइयों को मिलने वाला मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही रसोइयों की ड्रेस के लिए मिलने वाला भत्ता भी बढ़ाया गया है। पहले ड्रेस भत्ते के रूप में 500 रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1000 रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों के लिए कैशलेस हेल्थ कार्ड की सुविधा देने का भी ऐलान किया है। इसके अलावा उन्हें बीमा सुविधा का लाभ भी मिलेगा। सरकार ने मिड-डे मील रसोइयों को 2 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की सुविधा देने की घोषणा की है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों मिड-डे मील रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।मानदेय वृद्धि, ड्रेस भत्ता बढ़ाने और स्वास्थ्य सुरक्षा सुविधाओं के ऐलान के बाद मिड-डे मील रसोइयों में खुशी का माहौल है।













