लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले करीब दो हफ्तों से जारी रुक-रुककर बारिश अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
श्चिमी यूपी में भी बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत
दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में अभी भी बारिश का प्रभाव बना रहेगा। वहीं पश्चिमी यूपी में भी बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश की सीमा से लगे जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं। बीते 24 घंटों में संभल जिले में सबसे ज्यादा 134 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बुलंदशहर में 110.4 मिमी और हमीरपुर में 93 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
लखनऊ में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जैसे दक्षिणी जिलों में मानसून सक्रिय रह सकता है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है और बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दक्षिणी क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। शुक्रवार को प्रदेश के 25 जिलों में सामान्य बारिश, 34 जिलों में सामान्य से कम और 9 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के करीब 50 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।













